राहुल गांधी पर FIR के बाद उत्तराखंड में सियासी घमासान, CM धामी बोले- ‘चाय के कप में भी जाति खोजते हैं’

उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने FIR के विरोध में मंगलवार को उत्तराखंड सचिवालय तक मार्च करने का ऐलान किया है, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है।

मामला हल्द्वानी में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद से जुड़ा है। इस मामले को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में FIR दर्ज की गई है। कांग्रेस ने FIR को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए इसका विरोध किया है और सरकार पर दलित विरोधी सोच के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इसी मुद्दे को लेकर वह मंगलवार को देहरादून में सचिवालय तक मार्च करेगी।

इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जाति और भेदभाव को लेकर राजनीति कर रहे हैं। खटीमा में स्थानीय लोगों के साथ चाय पीते हुए धामी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि चाय में स्वाद और अपनापन दिखाई देता है, लेकिन जाति नहीं। उन्होंने राहुल गांधी पर चाय के कप में भी जाति और भेदभाव खोजने का आरोप लगाया और इसे संकीर्ण राजनीति की पराकाष्ठा बताया।

इस पूरे मामले ने उत्तराखंड की राजनीति को गरमा दिया है। एक तरफ कांग्रेस FIR के विरोध में सड़क पर उतरने की तैयारी कर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा और मुख्यमंत्री धामी कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दे को तूल देने का आरोप लगा रहे हैं। अब सबकी नजर कांग्रेस के सचिवालय मार्च और उसके बाद सरकार की प्रतिक्रिया पर है।