उत्तराखंड में सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई है। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है और कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा आने और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं मैदानी और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा होने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों तथा संवेदनशील इलाकों के नजदीक नहीं जाने की अपील की है।
बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून जिले में 1 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने यह फैसला भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लिया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।