मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की एक सामान्य मुलाकात उस समय संवेदनशील पहल में बदल गई, जब खटीमा के लोहियाहेड में एक स्थानीय दुकान पर चाय-नाश्ते के दौरान उन्हें एक आठ वर्षीय बच्चे की गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में जानकारी मिली। बच्चे के पिता रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा देव बचपन से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैरों की गतिविधियां भी प्रभावित हैं।
बच्चे की स्थिति की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री धामी ने तुरंत अधिकारियों को उसके इलाज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी समेत डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बच्चे के घर पहुंची और उसकी स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण किया।
डॉक्टरों ने बच्चे की पुरानी मेडिकल रिपोर्ट और उपचार का इतिहास देखने के बाद आगे की जांच के लिए MRI कराने की सलाह दी है। जिलाधिकारी ने अगले ही दिन MRI की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बच्चे और उसके माता-पिता को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि बच्चे को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री की इस पहल के बाद परिवार को भी उम्मीद जगी है कि लंबे समय से इलाज के लिए संघर्ष कर रहे बच्चे को अब उचित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।